पुष्पम प्रिया चौधरी के पिता विनोद कुमार चौधरी का निधन,68 साल की उम्र में ली अंतिम सांस
वरिष्ठ समाजशास्त्री एवं पूर्व विधान पार्षद प्रो. विनोद कुमार चौधरी का रविवार सुबह निधन हो गया। लहेरियासराय के बलभद्रपुर स्थित आवास में उन्होंने अंतिम सांस ली है।पूर्व विधान पार्षद प्रो. विनोद कुमार चौधरी 68 साल के थे। उनके छोटे भाई प्रो. विनय कुमार चौधरी बेनीपुर से विधायक और जदयू के प्रदेश प्रवक्ता हैं।वे कभी नीतीश कुमार के बेहद करीबी थे और जदयू से एमएलसी भी रह चुके थे। वे अपने पीछे पत्नी डॉ. सरोज चौधरी समेत दो बेटी जूही और पुष्पम प्रिया को छोड़ गए हैं।बता दें कि 2020 में विनोद कुमार चौधरी अपनी बेटी पुष्पम प्रिया चौधरी को लेकर चर्चा में रहे। उनकी ‘लंदन रिटर्न’ बेटी ने प्लूरल्स पार्टी नाम से एक पार्टी बना ली थी। उसके बाद खुद को सीएम कैंडिडेट घोषित कर दिया था। बेटी के खुद को सीएम कैंडिडेट घोषित करने पर इसे विनोद कुमार चौधरी का नीतीश कुमार से बगावत माना गया। विनोद कुमार चौधरी ने भी बेटी का पक्ष लिया था। हालांकि, पुष्पम को चुनाव में कोई सफलता नहीं मिली।