पीएम मोदी ने सोनिया गांधी को दी जन्मदिन की बधाई,उत्तम स्वास्थ्य के लिए की कामना
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को उनके जन्मदिन पर बधाई दी और उनके दीर्घायु होने एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। सबसे लंबे समय तक कांग्रेस की अध्यक्ष रहीं सोनिया गांधी ने स्वास्थ्य कारणों के चलते पिछले कुछ वर्षों से सक्रिय राजनीति से दूरी बना ली है। वह राज्यसभा सदस्य तथा कांग्रेस ससंदीय दल की अध्यक्ष हैं। सोनिया गांधी सोमवार को 78 साल की हो गईं।कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी अपनी हार्दिक शुभकामनाएं दीं और सोनिया गांधी को हाशिए पर पड़े लोगों के अधिकारों की सच्ची चैंपियन बताया।
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में लिखा, “कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष श्रीमती सोनिया गांधी जी को उनके जन्मदिन पर हार्दिक शुभकामनाएं। हाशिए पर पड़े लोगों के अधिकारों की सच्ची चैंपियन, विपरीत परिस्थितियों में भी अत्यंत शालीनता, गरिमा और साहस का परिचय देने वाली, सार्वजनिक जीवन में उनके योगदान ने लाखों लोगों को प्रेरित किया है।”1998 में निर्वाचित सोनिया गांधी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस पार्टी की सबसे लम्बे समय तक अध्यक्ष रहने वाली अध्यक्ष थीं। उनके बेटे राहुल गांधी और बेटी प्रियंका गांधी भी कांग्रेस पार्टी के सदस्य हैं।