दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बनेगा भारत,विश्व के अर्थशास्त्रियों का आकलन आया सामने
भारतीय अर्थव्यवस्था इस साल भी दुनिया में सबसे तेज रफ्तार से आगे बढ़ती रहेगी। हालांकि, वैश्विक आर्थिक स्थिति कमजोर रहेगी। विश्व आर्थिक मंच (डब्ल्यूईएफ) ने बृहस्पतिवार को जारी एक रिपोर्ट में कहा, कुछ सुस्ती के संकेतों के बावजूद भारत की आर्थिक वृद्धि के मजबूत स्थिति बने रहने की उम्मीद है। इसके विपरीत, वैश्विक अर्थव्यवस्था को 2025 में महत्वपूर्ण चुनौतियों का सामना करना पड़ सकता है।दुनियाभर के मुख्य अर्थशास्त्रियों के आकलन के आधार पर तैयार रिपोर्ट में कहा गया है कि वृद्धि के लिहाज से दक्षिण एशिया लगातार आगे बना हुआ है। 61 फीसदी मुख्य अर्थशास्त्रियों का मानना है कि दक्षिण एशियाई जीडीपी इस साल मजबूत या बहुत मजबूत बनी रहेगी।
इस क्षेत्र में यह प्रदर्शन काफी हद तक भारत में मजबूत वृद्धि का नतीजा है। भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था बना हुआ है।साथ ही राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय (एनएसओ) के मुताबिक, भारत की आर्थिक वृद्धि दर चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही में घटकर करीब दो साल के निचले स्तर 5.4 फीसदी पर आ गई। यह आरबीआई के अनुमान से भी कम है। विश्व आर्थिक मंच ने कहा, उपभोक्ता मांग में कमी और कमजोर उत्पादकता के बीच चीन के लिए दृष्टिकोण बेहतर नहीं है। आने वाले वर्षों में चीन की वृद्धि दर धीरे-धीरे धीमी होती जाएगी।रिपोर्ट के मुताबिक, 56 फीसदी मुख्य अर्थशास्त्रियों ने वैश्विक अर्थव्यवस्था की स्थिति कमजोर रहने की आशंका जताई है। सिर्फ 17 फीसदी अर्थशास्त्रियों को ही सुधार की उम्मीद है, जो प्रमुख क्षेत्रों में बढ़ती अनिश्चितता और दुनियाभर में जरूरत के मुताबिक नीतिगत कदम उठाने की आवश्यकता को बताता है।