आधी से ज़्यादा आबादी पर अब राज करेगी BJP,3 राज्य जीतने के बाद बड़ा हुआ सम्राज्य

 आधी से ज़्यादा आबादी पर अब राज करेगी BJP,3 राज्य जीतने के बाद बड़ा हुआ सम्राज्य
Sharing Is Caring:

विधानसभा चुनाव 2023 के परिणाम (Assembly Election Results 2023) घोषित होते ही भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने न सिर्फ़ दो नए राज्यों में सरकार बनाने का अधिकार हासिल किया है, बल्कि अब वह देश की 41 फ़ीसदी से ज़्यादा आबादी पर खुद अपने बूते राज करने जा रही है, और अगर गठबंधन सहयोगियों के लिहाज़ से शासन करने की बात करें, तो BJP अब देश की आधी से ज़्यादा आबादी पर राज कर रही है. इसके विपरीत, ‘प्रमुख’ कहलाने वाली विपक्षी पार्टी कांग्रेस का शासन अपने बूते देश की सिर्फ़ 8.51 फ़ीसदी आबादी पर रह गया है, हालांकि गठबंधन सहयोगियों के बूते उसकी सत्ता 19.84 फ़ीसदी हिन्दुस्तानियों पर है.देश की आबादी का आधिकारिक आंकड़ा सिर्फ़ जनगणना के ज़रिये ही हासिल हो सकता है, इसलिए जो आंकड़े आप यहां पढ़ेंगे, वे पुराने होंगे, लेकिन हर राज्य का जनसंख्या प्रतिशत भी देश की पुरानी आबादी के लिहाज़ से ही बताएंगे।

IMG 20231203 WA0022 3

सो, अगर हम पहले यह देखें कि BJP का राज देश की आधी से ज़्यादा आबादी पर कैसे है, तो सबसे पहले देखते हैं कि वह अपने बूते कहां-कहां शासन कर रही है. इस वक्त देश के 12 राज्यों में BJP की अपनी सरकार है – उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, गुजरात, असम, छत्तीसगढ़, हरियाणा, उत्तराखंड, त्रिपुरा, मणिपुर, गोवा तथा अरुणाचल प्रदेश. अब अगर 2011 की जनगणना के लिहाज़ से देखें, तो उत्तर प्रदेश में उस वक्त हिन्दुस्तान की 16.51 प्रतिशत आबादी बसती थी, तो आज भी मान लेते हैं कि देश की बढ़ी हुई आबादी का इतना ही प्रतिशत यहां बसता होगा.इस लिहाज़ से UP में देश की 16.51 फ़ीसदी, MP में 6 फ़ीसदी, राजस्थान में 5.66 फ़ीसदी, गुजरात में 4.99 फ़ीसदी, असम में 2.58 फ़ीसदी, छत्तीसगढ़ में 2.11 फ़ीसदी, हरियाणा में 2.09 फ़ीसदी, उत्तराखंड में 0.83 फ़ीसदी, त्रिपुरा में 0.3 फ़ीसदी, मणिपुर में 0.21 फ़ीसदी, गोवा में 0.12 फ़ीसदी तथा अरुणाचल प्रदेश में 0.11 फ़ीसदी रहती है, और इस तरह BJP देश की कुल 41.51 फ़ीसदी आबादी पर अपने खुद के बूते शासन कर रही है.इन 12 राज्यों के अलावा, भारतीय जनता पार्टी महाराष्ट्र (9.28 फ़ीसदी), मेघालय (0.25 फ़ीसदी), नागालैण्ड (0.16 फ़ीसदी) तथा सिक्किम (0.05 फ़ीसदी) में रहने वाली कुल 9.74 फ़ीसदी आबादी पर गठबंधन के ज़रिये भी राज कर रही है. और कुल मिलाकर BJP का राज देश की आधी से ज़्यादा, यानी 51.25 फ़ीसदी आबादी पर हो गया है.दूसरी ओर, देश की सबसे पुरानी राजनैतिक पार्टी भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस, यानी कांग्रेस की अब सिर्फ़ तीन राज्यों में अपने बूते सरकार चलेगी. इन तीन राज्यों में देश की कुल 8.51 फ़ीसदी आबादी बसती है. ये राज्य हैं – कर्नाटक (5.05 फ़ीसदी), तेलंगाना (2.89 फ़ीसदी) तथा हिमाचल प्रदेश (0.57 फ़ीसदी). इसके अलावा, कांग्रेस गठबंधन सहयोगी के रूप में भी दो राज्य सरकारों में शामिल है, जो हैं – बिहार और झारखंड. इन दोनों राज्यों में क्रमशः 8.6 फ़ीसदी तथा 2.73 फ़ीसदी आबादी बसती है, सो, इसे मिलाकर कांग्रेस का शासन देश की 19.84 फ़ीसदी आबादी पर रह गया है.देश के अन्य राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों पर राष्ट्रपति अथवा अन्य दलों का शासन है, जहां देश की कुल आबादी का 28.91 फ़ीसदी हिस्सा बसता है. अगर विशेष रूप से राष्ट्रीय दल का दर्जा पाई पार्टियों की बात करें, तो कांग्रेस और BJP के अलावा देश में चार और राष्ट्रीय दल हैं – आम आदमी पार्टी (AAP), बहुजन समाज पार्टी (BSP), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPM) तथा नेशनल पीपल्स पार्टी (NPP). इन चार दलों में से AAP का राज दिल्ली (1.39 फ़ीसदी) तथा पंजाब (2.29 फ़ीसदी) में देश की 3.68 फ़ीसदी आबादी पर है. CPM की सरकार सिर्फ़ केरल (2.76 फ़ीसदी) में है, और NPP का राज सिर्फ़ मेघालय (0.25 फ़ीसदी) में. छठे राष्ट्रीय दल BSP का राज फिलहाल पूरे देश में किसी भी राज्य में नहीं है।

Comments
Sharing Is Caring:

Related post