अमृतसर से वैष्णो देवी जा रही बस खाई में गिरी,बिहार के 10 लोगों की मौत,सीएम नीतीश ने जताया दुख
जम्मू कश्मीर में एक भीषण सड़क हादसे में बिहार के 10 लोगों की मौत हो गई। वही सीएम नीतीश कुमार ने इस भीषण हादसा पर दुख जताया है।हालांकि जम्मू प्रशासन की ओर से तक 8 मौत की पुष्टि की गई है। बस अमृतसर से कटरा जा रही थी। जम्मू में नेशनल हाइवे पर झज्जर कोटली के पास यह बस एक पुल के नीचे खाई में गिर गई। गहरी खाई में गिरने से बस के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार 10 लोगों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि 56 लोग घायल हैं जिन्हें स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हालांकि, अधिकांश लोग मामूली रूप से जख्मी हैं। पांच की हालत गंभीर बताई जा रही है। जम्मू प्रशासन और सीआरपीएफ की टीम की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया।बताया जा रहा है कि मरने वाले बिहार के लखीसराय के हैं। बच्चे के मुंडन के लिए सभी लोग वैष्णो देवी के दरबार में जा रहे थे। रास्ते में हादसा हो गया। बताया गया है कि बस ओवरलोड थी। हादसे के कारणों की जानकारी ली जा रही प्रशासन ने बताया है कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा कर लिया गया है। लेकिन एहतियातन पुलिस और प्रशासन की टीम को मौके पर लगाया गया है। सभी घायलों का इलाज अच्छे से कराया जा रहा है। मृतकों के शव पंचनामे के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए गए हैं। वहीं घायलों का इलाज चल रहा है। पुलिस ने हादसे की जांच शुरू कर दी है।