यदुवंशी समाज अब कंस रूपी सरकार को उखाड़ फेंकने का करेगी काम : सम्राट चौधरी

 यदुवंशी समाज अब कंस रूपी सरकार को उखाड़ फेंकने का करेगी काम : सम्राट चौधरी
Sharing Is Caring:

पटना: गोवर्धन पूजा के मौके पर पटना के बापू सभागार में आयोजित यदुवंशी समाज समागम में प्रदेश के करीब सभी जिले से आए समाज के 21 हजार लोगों ने आज भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस मिलन समारोह में आए लोगों से बापू सभागार परिसर खचाखच भर गया। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सम्राट चौधरी ने भाजपा में आए सभी लोगों का खुले मन से स्वागत करते हुए कहा कि यदुवंशी अब बिहार में रावण रूपी और कंस रूपी सरकार को उखाड़ फेंकने का काम करेंगे। उन्होंने इस मिलन समारोह में आए लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान कृष्ण ने गोवर्धन पहाड़ उठाकर लोगों को सुरक्षित करने का काम किया था। कृष्ण ने कहा था कि महाभारत युद्ध तो मैं एक घंटे में समाप्त कर सकता हूं , लेकिन युद्ध हुआ।

IMG 20231114 WA0052

उन्होंने जोर देकर कहा कि अयोध्या में भगवान राम स्थापित हो गए, काशी में भी भगवान शंकर पूरी तरह स्थापित हो गए है,मथुरा की बारी है। उन्होंने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि नीतीश जी ने बिहार के लोगों को शराबी बनाने का काम किया है। जब राजद की सरकार हटी थी तब बिहार में 987 शराब की दुकानें थी और जब प्रदेश में शराबबंदी लागू की गई थी तब यहां 11 हजार से अधिक शराब की दुकानें थी। उन्होंने शराबबंदी को असफल बताते हुए कहा कि पहले लोगों को दुकान पर जाकर शराब खरीदना पड़ता था, लेकिन अब फोन करने के बाद शराब घर पर पहुंच जा रही है। उन्होंने कहा कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का देश दुनिया में डंका बज रहा है। प्रधानमंत्री ने भी कहा है कि अब भारत को सोने की चिड़िया नहीं सोने का शेर बनाना है जो पूरी दुनिया में दहाड़ेगा। उन्होंने भाजपा में आए यदुवंशी समाज के लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि आपके आने से भाजपा की ताकत बढ़ी है। पिछले चुनाव में एक सीट की कसर रह गई थी, लेकिन इस बार प्रदेश की 40 में से 40 सीट भाजपा की झोली में देकर फिर से नरेंद्र मोदी जी को पीएम बनाना है। उन्होंने कहा कि आज बिहार में माफियाओं और अपराधियों का बोलबाला है। उन्होंने लोगों का आह्वान करते हुए कहा कि अगर इनसे मुक्ति चाहिए तो बिहार में भाजपा की सरकार बनाइए अपराधी या तो नेपाल में होंगे या गया में उनका पिंडदान होगा।उन्होंने कहा कि आज एयर पोर्ट हो फोर लेन सड़क हो या अन्य योजनाएं उसके लिए जमीन नहीं मिल पा रही है। उन्होंने कहा कि अब तो नीतीश जी के विरोध में भी बोलने में डर लगता है, वे कब क्या बोल दें, कोई नहीं जानता। भाजपा अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि अब जो स्थिति परिस्थिति हैं उसमे दूसरा कोई उपाय नहीं हैं।भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने वालों में प्रमुख रूप से उदय सिंह यादव, डॉ राजेश रंजन, टुनटुन यादव, शशि भूषण यादव, विजय यादव, परमानंद, मिथिलेश, अर्जुन सहित हजारों लोग शामिल हैं। समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने कहा कि बिहार की सभा में द्रौपदी का चीरहरण हुआ है। विधानसभा में बहन, माताओं के लिए जो शब्द बोले गए वह द्रौपदी के चीरहरण के जैसा ही था। उन्होंने तेजस्वी यादव पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्होंने भी साथ देकर बड़ा पाप किया है, जिसे यदुवंशी माफ नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि यदुवंशी कभी भी अधर्म, अन्याय और पाप के साथ नहीं रह सकते और न देख सकते हैं। उन्होंने साफ लहजे में कहा कि जनसंघ के समय से यदुवंशी समाज भाजपा के साथ है। हालांकि उन्होंने यह भी कुछ समय के लिए जाति के कारण अलग हुए, लेकिन अब फिर से साथ का मन बना लिए। उन्होंने कहा कि अब दुशासन की प्रवृत्ति वाली सरकार को उखाड़ फेंकना है। इधर, विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष विजय कुमार सिन्हा ने नए आदर्श नए भाव के साथ भाजपा में आने वाले हजारों लोगों का स्वागत करते हुए कहा कि आज दो विचारधारा है। उन्होंने कहा कि जब भी समाज जातियों में बंटा तब राष्ट्र गुलाम होता है और दुराचारी, भ्रष्टाचारी, अत्याचारी का शासन होता हैं। आज जातियों के नाम पर समाज को बांटने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने बिहार में यदुवंशी समाज के लोगों की हत्या की चर्चा करते हुए प्रश्न किया कि आखिर उनके परिवार को न्याय कौन देगा।विधान परिषद ने विपक्ष के नेता हरि सहनी ने कहा कि भगवान कृष्ण ने समाज सेवा को सबसे बड़ा आदर्श माना। बचपन से ही उन्होंने मानव कल्याण का पाठ पढ़ाया। उन्होंने यह भी बताया अहंकार से ही लोगों का नाश होता है। इस मौके पर पूर्व केंद्रीय मंत्री रवि शंकर प्रसाद, राम कृपाल यादव, बिहार के पूर्व मंत्री नंद किशोर यादव, प्रेम कुमार, शाहनवाज हुसैन, विधान पार्षद नवल किशोर यादव सहित बड़ी संख्या में भाजपा के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे। पटना से न्यूज व्हाइट डेस्क के लिए विशाल वैभव की विशेष रिपोर्ट..

Comments
Sharing Is Caring:

Related post